Pappu Yadav News: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव इन दिनों किसी न किसी मामले को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। पिछले दिनों पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। वहीं, अब जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने बड़ा बयान देते हुए पटना एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पटना SSP पर लगाया गंभीर आरोप

पप्पू यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- SSP पटना चाहते हैं मैं लोगों की सेवा और मदद के लिए बिहार न आऊं! वह मेरी सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। Y श्रेणी सुरक्षा के तहत BMP जवान मेरी सुरक्षा में तैनात हैं, उन्हें फोन कर वापस बुलाया गया है! सांसद ने आगे लिखा- मुझसे कैसी घृणा है? माफिया मुझ से परेशान हैं। SSP पटना उनकी राह आसान कर रहे हैं!

बता दें कि पप्पू यादव पटना नीट छात्रा मौत को लेकर बिहार सरकार और पुलिस पर लगातार हमलावर हैं। कल गुरुवार की रात फेसबुक पर लाइव आकर भी उन्होंने बिहार पुलिस पर कई सारे सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि, राज्य में लगातार बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं और नीट छात्रा के मामले में सच्चाई दबाने की कोशिश की जा रही है।

सांसद ने यह भी दावा किया कि, उन्होंने छात्रा का शैक्षणिक रिकॉर्ड देखा है- 10वीं में 84%, 12वीं में 64% और नीट में 384 अंक। ऐसी प्रतिभावान छात्रा को “पढ़ाई में कमजोर” बताकर बदनाम किया जा रहा है।

पप्पू यादव ने आगे कहा कि, अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहे पीड़िता के परिवार को दो-दो बार धमकी मिली। पीड़ित परिवार ने जब शंभू गर्ल्स हॉस्टल के खिलाफ केस दर्ज कराया तो जांच को भटकाने की कोशिश की गई। उन्होंने हॉस्टल की मालिक नीलू अग्रवाल और उनके बेटे अंशु अग्रवाल का नाम लेते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही सिटी एसपी पूर्वी और एसएसपी पटना से पूछा कि, मनीष नामक व्यक्ति को किस आधार पर और किस धारा में गिरफ्तार किया गया? और नीलू अग्रवाल को अब तक जेल क्यों नहीं भेजा गया, जबकि वह अस्पताल भी गई थीं।

ये भी पढ़ें- सम्राट चौधरी ने भरे सदन में पप्पू यादव को बताया ‘हाथी’, अपराध पर राबड़ी देवी को दी सीधी चुनौती, विपक्ष ने किया वॉकआउट