Bihar Politics: एक तरफ नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज है। वहीं, इस बीच पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए बड़ा दावा कर दिया है। पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा- पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू कर बिहार विधानसभा से प्रस्ताव पारित कराने की योजना बनाई जा रही है।

पप्पू यादव ने कहा कि, इसके तहत सीमांचल के इलाकों के साथ मालदा, मुर्शिदाबाद, रायगंज और दिनाजपुर जैसे जिलों को मिलाकर एक नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने की तैयारी बताई जा रही है। सांसद ने यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी योजना के तहत नीतीश कुमार को हटा कर लेफ्टिनेंट जनरल को राज्यपाल बनाने की रणनीति के पीछे यही खेल है।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को देश के 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों की नियुक्तियों में बड़ा फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का स्थान ग्रहण करेंगे। राजभवन में इस नई नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।

सैयद अता ​हसनैन का सैन्य सफर 1974 में शुरू हुआ, जब उन्हें इंडियन मिलिट्री एकेडमी से ग्रेजुएशन के बाद गढ़वाल राइफल्स की चौथी बटालियन में कमीशन मिला। लगभग 40 वर्षों के करियर में उन्होंने जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने श्रीनगर स्थित 15 कॉर्प्स (चिनार कॉर्प्स) की कमान संभाली और 21 कोर के कमांडर भी रहे। 2013 में सेना मुख्यालय में मिलिट्री सेक्रेटरी के पद से रिटायर होने से पहले उन्होंने सेना के कई ऑपरेशन्स का नेतृत्व किया।

ये भी पढ़ें- ‘ममता को शर्म आनी चाहिए’, कोलकाता पहुंचे गिरिराज सिंह की बड़ी चेतावनी, बोले- बदलने वाली है सरकार