सोहराब आलम/ मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड मुख्यालय में प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पकड़ीदयाल एसडीओ मंगला कुमारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी ने क्षेत्र के कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मचा दिया है।

​एसडीओ के निर्देश पर हुई छापेमारी

​जानकारी के अनुसार, एसडीओ मंगला कुमारी को इनपुट मिला था कि प्रखंड मुख्यालय स्थित अमोद साह के ‘प्रकाश ट्रेडर्स’ नामक हार्डवेयर दुकान के सीमेंट गोदाम में भारी मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है, जहां से गैस की कालाबाजारी की जाती है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ ने तुरंत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (RO) अनिल कुमार को छापेमारी का कड़ा निर्देश दिया।

​भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद

​एसडीओ के आदेश पर आरओ अनिल कुमार ने पुलिस बल के साथ उक्त गोदाम पर अचानक धावा बोल दिया। तलाशी के दौरान सीमेंट के कट्टों के बीच छिपाकर रखे गए HP और भारत गैस कंपनियों के कुल 36 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारण के आरोप में सीमेंट गोदाम को पूरी तरह सील कर दिया है।

​कालाबाजारियों में मचा हड़कंप

​एसडीओ मंगला कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना के आधार पर अमन ट्रेडर्स/प्रकाश ट्रेडर्स के गोदाम में कार्रवाई की गई है। बरामद सिलेंडर अवैध रूप से रखे गए थे, जो कालाबाजारी की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में आरओ को संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र के अन्य अवैध कारोबारियों में डर का माहौल है।