पटना। राजधानी इन दिनों फिल्मी रंग में रंगी नजर आ रही है। शहर के कोतवाली थाने में हिंदी फीचर फिल्म ‘आइडियल’ की शूटिंग जोर-शोर से शुरू हो गई है। फिल्म के मुख्य किरदारों में अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ में पंकज त्रिपाठी के बेटे की भूमिका निभाने वाले चर्चित अभिनेता आरुष नजर आएंगे।
बिहार की छवि सुधारने की अनूठी कोशिश
फिल्म की प्रोड्यूसर श्रुति आनंदिता वर्मा और निर्देशक अमिताभ वर्मा, जो मूल रूप से पटना के ही निवासी हैं, इस प्रोजेक्ट के जरिए बिहार के प्रति बने पुराने नजरिए को बदलना चाहते हैं। फिल्म का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर बिहार को लेकर फैली गलत धारणाओं और ‘मिथक’ को तोड़ना है। फिल्म यह संदेश देगी कि वक्त के साथ बिहार में सकारात्मक बदलाव आए हैं और यह अब पुरानी छवि से कोसों दूर है।
जुवेनाइल क्राइम और सामाजिक बदलाव की कहानी
फिल्म की पटकथा बेहद संवेदनशील विषय ‘जुवेनाइल क्राइम’ (बाल अपराध) पर आधारित है। यह कहानी दिखाती है कि कैसे आज के दौर में बच्चों के ‘आइडियल’ बदल रहे हैं और जाने-अनजाने वे अपराध की दलदल में फंसते जा रहे हैं। इसका प्रभाव न केवल उनके भविष्य पर, बल्कि परिवार और समाज पर भी व्यापक रूप से पड़ता है। फिल्म में राजनीति, पुलिस प्रशासन और अपराधी तत्वों के बीच के रोमांचक क्लाइमेक्स को पिरोया गया है।
स्थानीय कलाकार और लोकेशंस को तवज्जो
फिल्म की खास बात यह है कि इसमें अधिकांश कलाकार बिहार से ही ताल्लुक रखते हैं। शूटिंग के लिए पटना के विभिन्न हिस्सों के अलावा राजगीर की खूबसूरत वादियों को भी चुना गया है। फिल्म की शूटिंग के दौरान कोतवाली थाने को पूरी तरह से फिल्मी सेट में तब्दील कर दिया गया है, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

