पटना। बिहार की राजधानी में महाशिवरात्रि के दिन सरेराह गोलीबारी से सनसनी फैल गई। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने दो दोस्तों को अपना निशाना बनाया। इस हमले में बिट्टू कुमार और पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​चाय पीने के दौरान हुआ हमला

​जानकारी के मुताबिक, बिट्टू और पिंटू अपनी स्कॉर्पियो से शिवाजी चौक पर चाय पीने रुके थे। तभी बाइक पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

​पुरानी रंजिश बनी वजह

​सदर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान अरमान और कारू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इन दोनों पक्षों के बीच करीब एक साल से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते रविवार को इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया।

​सीसीटीवी से पहचान की कोशिश

​पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके। हालांकि, मौके से पुलिस को कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।