पटना। शहर के फुलवारीशरीफ इलाके में रसोई गैस की भारी किल्लत से गुस्साए लोगों का सब्र रविवार को टूट गया। चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
सड़क पर संग्राम
राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ में रसोई गैस की किल्लत अब जनाक्रोश में बदल गई है। रविवार सुबह बोचाचक के समीप फुलवारीशरीफ-एम्स मुख्य मार्ग पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हुए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा मुख्य रूप से एचपी गैस एजेंसी के खिलाफ था, जिसके कारण घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
एजेंसी का खेल
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से एजेंसी द्वारा सिलेंडर का वितरण नहीं किया गया है। उपभोक्ताओं ने बताया कि एजेंसी प्रबंधन उन्हें गैस देने के नाम पर बार-बार बुलाता है, लेकिन घंटों इंतजार कराने के बाद उन्हें खाली हाथ वापस लौटा दिया जाता है। इस ‘बुलाकर लौटाने’ की प्रक्रिया से नाराज होकर लोगों ने एजेंसी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
घरों में पसरा सन्नाटा: लकड़ी के चूल्हों पर आई नौबत
प्रदर्शनकारियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि गैस न मिलने के कारण घरों में खाना बनाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। कई परिवारों में पिछले कई दिनों से चूल्हा नहीं जला है, जिसके कारण लोग लकड़ी या अन्य पारंपरिक और महंगे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि एजेंसी की मनमानी और कुप्रबंधन ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है।
पुलिस की एंट्री: सुरक्षा घेरे में होगा गैस का बंटवारा
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए गैस एजेंसी के संचालकों से संपर्क किया। फुलवारीशरीफ थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि एजेंसी मालिक से बात हो चुकी है और उन्होंने आश्वस्त किया है कि गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक जल्द पहुंचने वाला है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की निगरानी में पारदर्शी तरीके से वितरण कराया जाएगा। इस आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हो सका।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

