पटना। राजधानी में बेखौफ चोरों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी (JDU) के ही एक पूर्व विधायक के घर को निशाना बनाया है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जब चोर घर खंगाल रहे थे, तब नेताजी मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की अहम बैठक में व्यस्त थे।

JDU के पूर्व विधायक के सूने घर में सेंधमारी

​पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के सहदेव पथ पर स्थित पूर्व विधायक और वर्तमान JDU जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह के फ्लैट में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। होली की छुट्टियों के कारण उनका पूरा परिवार पैतृक गांव बगहा गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने खाली घर में हाथ साफ कर दिया।

​पार्टी मीटिंग से लौटे तो टूटा मिला ताला

​प्रभात रंजन सिंह 6 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बुलाई गई पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने पटना आए थे। रात करीब 9:30 बजे जब वह मीटिंग खत्म कर अपने फ्लैट पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। कैंपस का मुख्य दरवाजा तो बंद था, लेकिन फ्लैट के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।

​कैश, गहने और जरूरी दस्तावेज गायब

​पूर्व विधायक के अनुसार, चोरों ने अलमारी तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए हैं। रुपयों के अलावा चोरों ने प्रॉपर्टी के पेपर, बेटे की मार्कशीट, पेंशन बुक और पासबुक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब कर दिए हैं।

​जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

​घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर पुलिस और SDPO साकेत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया है ताकि फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल टावर डंप के जरिए संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घर के केयरटेकर से भी पूछताछ की जा रही है।