पटना। शहर के अथमलगोला थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां JEE मेन्स की परीक्षा के परिणाम के तनाव में एक 18 वर्षीय छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान रामनगर दियारा गांव निवासी रौनक राणा के रूप में हुई है।
आंसर-की आने के बाद से था तनाव में
मृतक के पिता नवीन कुमार सिंह, जो पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं, ने बताया कि रौनक ने हाल ही में JEE मेन्स की परीक्षा दी थी। 11 अप्रैल को परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी हुई थी। उसे मिलान करने के बाद रौनक को आभास हो गया था कि वह सफल नहीं हो पाएगा। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले घर में कुछ अनबन भी हुई थी।
भोर में चुपचाप घर से निकला
रविवार तड़के रौनक बिना किसी को बताए घर से निकल गया। सुबह करीब 07:25 बजे रेल पुलिस को सूचना मिली कि बख्तियारपुर लिंक और बख्तियारपुर स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 495/11 और 495/13 के पास एक युवक का शव पड़ा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभवतः सुबह 06:16 बजे गुजरी ट्रेन संख्या 63221 की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
पुलिस की कार्रवाई और परिवार का हाल
सूचना मिलते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पास से कोई यात्रा टिकट या दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। रौनक अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इस दुखद समाचार के बाद पिता की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

