पटना। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज राजधानी पटना का प्रसिद्ध महावीर मंदिर बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान है। हस्त नक्षत्र और ध्रुव योग के दुर्लभ संयोग में मनाई जा रही इस हनुमान जयंती को लेकर मंदिर में अभूतपूर्व तैयारियां की गई हैं। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा से लेकर उनकी सुविधा तक के खास इंतजाम किए गए हैं।
बेंगलुरु की तकनीक से होगी भक्तों की गिनती
भीड़ प्रबंधन को आधुनिक बनाने के लिए इस बार महावीर मंदिर न्यास समिति ने बेंगलुरु से एक विशेष काउंटिंग मशीन मंगवाई है। समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल के अनुसार, यह आधुनिक मशीन मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सटीक संख्या दर्ज करेगी। इसके साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसर में 80 टन क्षमता वाले नए एसी (AC) प्लांट लगाए गए हैं, ताकि कतारों में खड़े भक्तों को राहत मिल सके।
फूलों से सजा दरबार और नवैद्यम का भोग
हनुमान जी के दरबार को विदेशी और देशी फूलों से भव्य रूप में सजाया गया है। तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्त अपनी मनोकामनाओं के साथ संकटमोचन को उनका प्रिय नवैद्यम और लड्डू अर्पित कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सरकारी और निजी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
शुभ संयोग और धार्मिक महत्व
आचार्य राकेश झा के अनुसार, चैत्र पूर्णिमा हिंदू नववर्ष की पहली पूर्णिमा होती है। आज हस्त नक्षत्र शाम 04:35 बजे तक रहेगा, जिसके बाद चित्रा नक्षत्र प्रारंभ होगा। वहीं, दोपहर 01:31 बजे तक ध्रुव योग का विशेष संयोग है। हालांकि पूर्णिमा तिथि सुबह 06:39 बजे तक ही थी, लेकिन उदयातिथि की मान्यता के कारण पूरे दिन पूर्णिमा का पर्व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
भक्ति, तकनीक और व्यवस्था के इस संगम ने पटना की हनुमान जयंती को इस वर्ष बेहद खास बना दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

