पटना/मनेर। राजधानी से सटे मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में शुक्रवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के आवास पर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। जमीनी विवाद को लेकर शुरू हुआ यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जमीनी विवाद में खूनी खेल
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे दो गोतिया (रिश्तेदारों) के बीच लंबे समय से चल रहा जमीन का विवाद अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों के लोग हथियार तलवार और लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और पत्थरबाजी भी की जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
तीन घायल, दो की हालत नाजुक
इस हिंसक वारदात में मंत्री के समधी राजेंद्र सिंह के पुत्र पप्पू कुमार, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के पुत्र मनीष उर्फ गुड्डू और नीतीश उर्फ बबलू गोली लगने व मारपीट के कारण जख्मी हुए हैं। घायलों की स्थिति को देखते हुए मनीष और नीतीश को तत्काल पटना एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं पप्पू को दानापुर के निजी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
आरोपियों के खिलाफ छापेमारी
परिजनों ने इस हमले का मुख्य आरोपी मुकेश, स्वर्गीय सत्येंद्र के पुत्र दीपक और प्रिंस सहित कई अन्य लोगों को बताया है। परिजनों का आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत 15 राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मनेर थानाध्यक्ष ने पुष्टि की है कि आपसी रंजिश और भूमि विवाद के कारण यह घटना घटी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल ब्यापुर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

