पटना। राजधानी के मरीन ड्राइव पर रविवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में कुख्यात शार्प शूटर अमित कुमार के पैर में गोली लगी है, जिसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है। अमित वैशाली का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।
फायरिंग कर भागने की कोशिश
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित मरीन ड्राइव के रास्ते भागने की फिराक में है। जब टाउन डीएसपी, DIU और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी और उसे दबोच लिया। मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है और FSL की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पटना सिविल कोर्ट में हत्या की रची थी साजिश
अमित एक शातिर शार्प शूटर है। 27 जनवरी 2026 को उसने अपने साथी पीयूष के साथ मिलकर पटना सिविल कोर्ट में सुबोध सिंह गैंग के रोशन ततीया की हत्या का प्रयास किया था। उस वक्त पीयूष गेट पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था, लेकिन अमित चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था।
गैंगवार और सुपारी की जांच
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अमित किसी बड़े गैंग से सुपारी लेकर हत्या की वारदात को अंजाम देने आया था। पुलिस अब उस मुख्य सरगना की तलाश कर रही है जिसने इस शूटआउट की साजिश रची थी। अमित के पकड़े जाने से राजधानी में गैंगवार की एक बड़ी घटना टल गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


