पटना। राजधानी के परसा बाजार थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है जहां रिश्तों का कत्ल करते हुए एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही 3 वर्षीय भतीजी को हवस का शिकार बनाया। इस जघन्य अपराध में युवक के दो दोस्त भी शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चाचा और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

​नींद में सो रही बच्ची को उठाकर ले गया आरोपी

​पीड़ित बच्ची की मां के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात की है। आरोपी चाचा जो नशे का आदी बताया जा रहा है घर में सो रही मासूम को चुपचाप उठाकर करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान खेत में ले गया। वहां उसने अपने दो अन्य मित्रों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

​शोर मचने पर बच्ची को छोड़कर भागे दरिंदे

​खेत से बच्ची के चीखने की आवाजें सुनकर स्थानीय ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। शुरुआत में लोगों को लगा कि इलाके में कोई बच्चा चोर घुस आया है। जैसे ही ग्रामीणों ने शोर मचाना और खेत की तरफ दौड़ना शुरू किया तीनों आरोपी मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

​अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

​बच्ची के परिजन उसे ढूंढते हुए जब मौके पर पहुंचे तो उसकी स्थिति देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में बच्ची का उपचार चल रहा है।

​पुलिस की कार्रवाई

​थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का लक्ष्य मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही बच्ची और उसकी मां का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा।