पटना। शहर के बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत चीना कोठी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नशे के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची नारकोटिक्स विभाग की 5 सदस्यीय टीम पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। भीड़ की ओर से अचानक हुई ईंट-पत्थर की बौछार में टीम के दो सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए। स्थिति को अनियंत्रित होता देख नारकोटिक्स टीम को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

​घेराबंदी के बीच आरोपी गिरफ्तार

​भारी तनाव के बीच टीम ने मुख्य आरोपी आकाश धांगर को धर दबोचा। हालांकि, आरोपी की मां सुनीता देवी ने टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि पड़ोसियों ने उनके बेटे को फंसाने के लिए उसके पास स्मैक का थैला फेंका था। उन्होंने टीम द्वारा तीन-चार राउंड फायरिंग की बात भी कही, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों में छिप गए।

​पुलिस की समय पर एंट्री

​नारकोटिक्स की टीम जब भीड़ के बीच बुरी तरह घिर गई थी, तभी बुद्ध कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आकाश धांगर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह और उसकी पत्नी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।

​प्रशासन का सख्त रुख

​एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और टीम पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और हिंसा में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।