पटना। बिहार की राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला अगमकुआं थाना क्षेत्र का है जहां चोरों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में कार्यरत एक महिला क्लर्क के बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने करीब 35 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी घटना शनिवार की दोपहर मुनेंद्र कुटीर अपार्टमेंट में हुई।

​ड्यूटी पर था दंपत्ति, पीछे से साफ हुआ घर

​पीड़िता नीतू कुमारी NMCH में क्लर्क हैं जबकि उनके पति कुमार बृजेश पेशे से सहायक शिक्षक हैं। शनिवार सुबह दोनों हमेशा की तरह अपने-अपने काम पर निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे जब दंपत्ति फ्लैट नंबर 202 पर वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर देखा कि गोदरेज और अलमारी के लॉकर भी टूटे पड़े थे और सारा सामान बिखरा हुआ था।

​दो मंगलसूत्र और हार सहित भारी मात्रा में गहने चोरी

​नीतू कुमारी के अनुसार चोरों ने बेहद इत्मीनान से कीमती गहनों को निशाना बनाया। गायब हुए सामानों में सोने के कंगन, चेन, भारी हार सेट, अंगूठियां और दो मंगलसूत्र सहित लाखों के आभूषण शामिल हैं। गहनों के अलावा कुछ अन्य कीमती सामान भी गायब बताए जा रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उनकी मेहनत की कमाई पर चोरों ने पलक झपकते ही डाका डाल दिया।

​अपार्टमेंट के गार्ड और सीसीटीवी पर उठे सवाल

​हैरानी की बात यह है कि सुरक्षित माने जाने वाले अपार्टमेंट में दिनदहाड़े इतनी बड़ी चोरी हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी। जब पीड़िता ने गार्ड से पूछताछ की तो उसने किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने से साफ इनकार कर दिया। इससे वारदात में किसी करीबी या अपार्टमेंट से जुड़े व्यक्ति की संलिप्तता का संदेह गहरा गया है। वहीं सुरक्षा की पोल तब खुली जब पता चला कि अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब थे। बार-बार शिकायत के बावजूद इन्हें ठीक नहीं कराया गया था जिसका फायदा चोरों को मिला।

​पुलिस जांच में जुटी

​घटना की सूचना मिलते ही अगमकुआं पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अगमकुआं एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।