पटना। राजधानी के ग्रामीण इलाकों में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पटना पुलिस ने बिक्रम और पालीगंज थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बिक्रम में जहां एक अपराधी को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया, वहीं पालीगंज पुलिस ने साल भर से फरार चल रहे एक हत्यारोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
कट्टा और कारतूस बरामद
पटना पश्चिम के सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिक्रम थाना क्षेत्र के गोरखरी गांव में एक अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही बिक्रम थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने देर रात चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की और संत रजक नामक अपराधी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह किस बड़ी घटना की साजिश रच रहा था।
पालीगंज हत्याकांड का मुख्य आरोपी लालू चौहान गिरफ्तार
दूसरी ओर, पालीगंज पुलिस ने एक साल पुराने हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2025 में पालीगंज के धरहरा मोड़ के पास हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी लालू चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे बालापर गांव में घेराबंदी कर पकड़ा। लालू चौहान लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
अपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
सिटी एसपी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है। संत रजक के पास हथियार कहां से आए और उसका पिछला रिकॉर्ड क्या है, इसकी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। वहीं, लालू चौहान से पूछताछ के आधार पर पालीगंज हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में सक्रिय अन्य अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

