पटना। शहर के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित चिन्नाकोठी में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी है। मंगलवार को नारकोटिक्स टीम पर हुए हमले के बाद पुलिस ने दबिश तेज कर दी है। ताजा छापेमारी में कुख्यात महिला तस्कर आरती उर्फ ‘होठलाली’ को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नारकोटिक्स टीम पर पथराव और हवाई फायरिंग
पूरा मामला मंगलवार सुबह 11:45 बजे शुरू हुआ, जब नारकोटिक्स विभाग की पांच सदस्यीय टीम सादे लिबास में चिन्नाकोठी पहुंची थी। टीम ने स्मैक बेचते हुए आकाश धांगर नाम के युवक को रंगे हाथों दबोचा। उसे हिरासत में लेते ही स्थानीय असामाजिक तत्वों ने टीम को घेर लिया और भारी रोड़ेबाजी शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बचाव में टीम को दो राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस अफरातफरी का फायदा उठाकर उपद्रवियों ने आरोपी के पास से साक्ष्य मिटाने के लिए स्मैक की पुड़िया और नकदी छीनकर नाले में फेंक दी।
भारी मात्रा में नकदी बरामद, 77 पर केस दर्ज
झड़प के बावजूद पुलिस ने आकाश को करीब 6500 रुपये नकद और स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस हिंसक झड़प के बाद बुद्धा कॉलोनी थाने में 7 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
सीसीटीवी से पहचान और धरपकड़ जारी
पुलिस अब तक फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर 30 दंगाइयों की पहचान कर चुकी है। बुधवार को भी इलाके में सघन छापेमारी की गई, जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक इलाके से नशे का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त नहीं हो जाता।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

