पटना। बिहार की राजधानी पटना में वाहन मालिकों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और मिडिल ईस्ट में ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर दिखने लगा है। पटना में स्पीड प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा दर्ज किया गया है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 114.8 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

​नॉर्मल पेट्रोल के दाम स्थिर, प्रीमियम हुआ महंगा

​ताजा अपडेट के मुताबिक, पेट्रोल की कीमतों में यह बदलाव केवल प्रीमियम कैटेगरी में ही देखा गया है। शहर के आर ब्लॉक स्थित गैसोलीन प्राइवेट लिमिटेड पेट्रोल पंप के कर्मचारी सचिन कुमार केसरी ने जानकारी दी कि सुबह से ही नई दरें लागू कर दी गई हैं। जहां एक ओर स्पीड प्रीमियम पेट्रोल 114.8 रू.पर पहुंच गया है, वहीं नॉर्मल पेट्रोल अभी भी अपने पुराने दाम 105.23 रू. प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है। राहत की बात यह है कि आम उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कीमतों में कोई बदलाव नहीं है।

​क्यों है स्पीड प्रीमियम की मांग?

​बढ़ती कीमतों के बावजूद प्रीमियम पेट्रोल की मांग में कोई कमी नहीं देखी जा रही है। पेट्रोल पंप कर्मियों के अनुसार, नौकरीपेशा लोग और बिजनेसमैन इस पेट्रोल को ज्यादा तरजीह देते हैं। इसके पीछे मुख्य कारण इसके तकनीकी फायदे हैं:

​इंजन की सुरक्षा: यह इंजन के अंदरूनी हिस्सों को साफ रखता है और कार्बन जमने नहीं देता।

​बेहतर माइलेज: सामान्य पेट्रोल के मुकाबले इसमें माइलेज बेहतर मिलता है।

​स्मूथ ड्राइविंग: प्रीमियम पेट्रोल से गाड़ी की परफॉरमेंस और पिकअप में सुधार आता है।

​युद्ध का वैश्विक असर

​विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध जैसी स्थितियों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। इसी वजह से प्रीमियम ईंधनों के दाम बढ़ रहे हैं। पटना के जागरूक ग्राहक, जो अपनी गाड़ियों की लंबी उम्र चाहते हैं, वे कीमत बढ़ने के बावजूद इसकी डिमांड कर रहे हैं।