कुंदन कुमार/पटना। शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान में एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा होता दिख रहा है। रविवार को बिहार के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों लोगों ने पटना की सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि पटना के गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए।

​सरकार की दोहरी नीति पर उठे सवाल

​इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रणय प्रकाश ने सरकार की कार्यशैली पर कड़े सवाल दागे। उन्होंने कहा कि पटना के विभिन्न चौराहों और प्रमुख स्थानों पर कई महापुरुषों की प्रतिमाएं पहले से स्थापित हैं, लेकिन मराठा साम्राज्य के संस्थापक और हिंदू हृदय सम्राट वीर शिवाजी की उपेक्षा क्यों की जा रही है? उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मांग कोई नई नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा वर्षों से की जा रही है, जिसे अब तक अनसुना किया गया है।

​जमीन दे सरकार, हम खुद बनाएंगे प्रतिमा

​आंदोलनकारियों ने सरकार के सामने एक अनोखा प्रस्ताव रखा है। प्रणय प्रकाश ने कहा, अगर सरकार को बजट की चिंता है, तो वह केवल मरीन ड्राइव पर प्रतिमा के लिए भूमि आवंटित कर दे। प्रतिमा का निर्माण और सारा खर्च समाज के लोग खुद वहन कर लेंगे।

​आंदोलन की चेतावनी

​प्रदर्शनकारियों ने दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेती है, तो यह केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में पूरे बिहार के हर जिले में एक व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों के तेवर देख यह स्पष्ट है कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा का मुद्दा आने वाले समय में बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़ ले सकता है।