पटना। बिहार की राजधानी पटना के ग्रामीण इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने भारी तनाव पैदा कर दिया। रानी तालाब थाना क्षेत्र के कनपा पुल गोलंबर के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने घंटों सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
काम से घर लौट रहे थे संजय राम
मृतक की पहचान 48 वर्षीय संजय राम के रूप में हुई है, जो बभन कनपा गांव के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, संजय पेशे से हलवाई थे और अपना काम खत्म कर पैदल ही घर लौट रहे थे। इसी दौरान कनपा पुल गोलंबर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय की जान मौके पर ही चली गई। वारदात के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने में सफल रहा।
NH-139 पर लगा लंबा जाम
हादसे की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण और मृतक के परिजन सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने कनपा पुल के पास NH-139 को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे सड़क के दोनों ओर ट्रकों और बसों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री चिलचिलाती धूप में घंटों फंसे रहे।
प्रशासनिक उपेक्षा पर फूटा गुस्सा
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर जारी है, लेकिन प्रशासन मौन है। लोगों ने मांग की कि यहां तत्काल स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। सूचना मिलते ही रानी तालाब थाना पुलिस और डीएसपी 2 पंकज कुमार शर्मा बल के साथ पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और आश्वासन के बाद जाम को खुलवाया जा सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक क

