पटना। बिहार की राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस की चौकसी को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढिबरा मोड़ के पास मंगलवार तड़के अपराधियों ने एसबीआई (SBI) के एक एटीएम को निशाना बनाया और गैस कटर की मदद से मशीन काटकर लगभग 30 लाख रुपये लेकर चंपत हो गए।
सीसीटीवी पर स्प्रे और प्रोफेशनल अंदाज
वारदात सुबह करीब 4 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश एटीएम बूथ के अंदर दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं। शातिर चोरों ने पहचान छुपाने के लिए सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे छिड़का ताकि उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड होने से रोका जा सके। इसके बाद, पेशेवर अंदाज में दस्ताने पहने चोरों ने गैस कटर का उपयोग कर एटीएम के कैश चैंबर को काटना शुरू किया।
अलर्ट के बावजूद पुलिस से पहले भागे चोर
जैसे ही मशीन के साथ छेड़छाड़ हुई, एसबीआई के हेड ऑफिस में लगे सिस्टम ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। बैंक अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना दानापुर और शाहपुर पुलिस को दी। पुलिस की टीमें दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन उनके पहुंचने से महज कुछ मिनट पहले ही चोर 30 लाख रुपये का कैश समेटकर फरार हो चुके थे। सुरक्षा गार्ड की तैनाती न होना चोरों के लिए काम आसान कर गया।
जांच में जुटी स्पेशल टीम और FSL
घटना की गंभीरता को देखते हुए दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ और सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी अंतर्राज्यीय या पेशेवर गिरोह का काम हो सकता है। फिलहाल, शाहपुर और दानापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है, जो अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद ले रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

