पटना। राजधानी के आलमगंज थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक शातिर अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

​चेकिंग के दौरान अपराधियों ने की फायरिंग

​मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस और एसटीएफ की टीम इलाके में सघन गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम की नजर संदिग्धों पर पड़ी। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने पकड़े जाने के डर से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया।

​जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ राजीव उर्फ सूर्या

​अपराधियों की ओर से की गई फायरिंग के बाद पुलिस और एसटीएफ ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस ‘हाफ एनकाउंटर’ में एसटीएफ की एक गोली सीधे अपराधी के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल अपराधी की पहचान राजीव कुमार उर्फ सूर्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सूर्या एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास और लूट जैसे आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।

​अस्पताल में भर्ती, जांच जारी

​मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने घायल अपराधी को कब्जे में लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि देर रात सूर्या किस बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।