पटना। थावे-मशरक रेल रूट के यात्रियों के लिए रेलवे ने होली से पहले एक बड़ी सौगात दी है। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर ने पटना जंक्शन से थावे के बीच एक नई फास्ट पैसेंजर ट्रेन (55515/55516) चलाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद, इस ट्रेन का नियमित परिचालन 15 मार्च से प्रतिदिन किया जाएगा।
ट्रेन की समय-सारणी और रूट
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, गाड़ी संख्या 55515 पटना जंक्शन से दोपहर 12:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन पटना सिटी (12:23), पाटलिपुत्र (12:40), दिघवारा (01:50), छपरा (02:55), मढ़ौरा (04:40), मशरक (05:00) और दिघवा दुबौली (05:20) होते हुए शाम 07:00 बजे थावे पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 55516 थावे से सुबह 08:05 बजे खुलेगी। गोपालगंज, सिधवलिया और मशरक जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए यह रात 11:00 बजे छपरा और अगले दिन तड़के 03:20 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
कोच संरचना और सुविधाएं
दानापुर मंडल के अधीन संचालित होने वाली इस ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे, जिनमें 22 सामान्य श्रेणी के कोच और दो एसएलआरडी (SLRD) शामिल हैं। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव समस्तीपुर में किया जाएगा।
यात्रियों को होगा बड़ा लाभ
इस सीधी रेल सेवा से गोपालगंज, सिवान और सारण जिले के हजारों लोगों को सीधा फायदा होगा। विशेषकर छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए पटना तक का सफर अब कम समय और किफायती किराए में पूरा हो सकेगा। इस रूट पर लंबे समय से एक बेहतर कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

