पटना। राजधानी के बीएन कॉलेज के छात्रों और स्थानीय दुकानदारों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए 7 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
60 रु. के पीछे रणक्षेत्र बना इलाका
विवाद की जड़ बेहद मामूली थी। बीएन कॉलेज के कुछ छात्र इलेक्ट्रॉनिक गली में घड़ी बनवाने पहुंचे थे। मरम्मत के बाद दुकानदार ने 60 रू. की मांग की, जबकि छात्र 40 रू. देने पर अड़ गए। इसी 20 रु. के अंतर को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। छात्रों ने कॉलेज के नाम पर धौंस जमाने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
फायरिंग से मचा हड़कंप
शुरुआती मारपीट के बाद छात्र वापस लौटे और अपने साथ भारी संख्या में साथियों को ले आए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ की तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनते ही मार्केट में भगदड़ मच गई और दुकानदार अपनी दुकानें छोड़ भाग खड़े हुए। इस हिंसक झड़प में थप्पड़बाजी के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।
हॉस्टलों में पुलिस की दबिश और हाई अलर्ट
टाउन DSP 1 राजेश रंजन के अनुसार, सात आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। आगामी यूनिवर्सिटी चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई ढिलाई नहीं बरत रहा है। पटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए कैंपस स्थित पुलिस आउटपोस्ट को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


