कुंदन कुमार/पटना। यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (PUSU) चुनाव के दौरान राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में भारी बवाल और हिंसा देखने को मिली। पटना साइंस कॉलेज परिसर में फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है और हमलावरों की तलाश जारी है। पूरे कैंपस में इस वक्त तनाव का माहौल है।
गिरफ्तारी और हाई वोल्टेज ड्रामा
चुनाव में सबसे बड़ा विवाद तब खड़ा हुआ जब आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव के करीबी और अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस जब उन्हें वीसी (VC) ऑफिस से ले जा रही थी, तब समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी के सामने लेटकर ‘वीसी मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को रिंकल को टांगकर जबरन गाड़ी में बिठाना पड़ा। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।
बैलेट पेपर में नाम की गड़बड़ी का आरोप
छात्रों के गुस्से का मुख्य कारण बैलेट पेपर में हुई एक कथित गलती है। समर्थकों का आरोप है कि रिंकल यादव का नाम नामांकन के समय सही था, लेकिन बैलेट पेपर पर ‘रिंकल कुमार’ छपा है। छात्रों का कहना है कि यह पिछले 5 साल से संघर्ष कर रहे छात्र नेता की पहचान मिटाने की साजिश है।
बीएन कॉलेज में वोटिंग पर विवाद
इधर बीएन कॉलेज में भी माहौल तब गरमा गया जब बिना आईडी कार्ड वाले छात्रों को वोट डालने से रोक दिया गया। छात्र रौनक के अनुसार, कई बार आवेदन के बावजूद उन्हें कार्ड नहीं मिला और अब ओरिजिनल एडमिशन स्लिप होने के बावजूद उन्हें मतदान से वंचित रखा जा रहा है।
चुनावी समीकरण और मतगणना
कुल मतदाता: 19,973 छात्र (7,963 छात्राएं)।
प्रत्याशी: सेंट्रल पैनल के 5 पदों के लिए 41 और काउंसलर के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं।
नतीजे: मतदान दोपहर 2:30 बजे तक चला। अब शाम 4:10 बजे से पटना आर्ट्स कॉलेज में मतगणना शुरू होगी और परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


