पटना। भोजपुरी फिल्म जगत के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उनके बेहद करीबी सहयोगी और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने दावा किया है कि पवन सिंह का राज्यसभा जाना लगभग तय है। गुंजन सिंह ने आत्मविश्वास के साथ कहा, बस आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार कीजिए, सब कुछ साफ हो जाएगा।

​अक्षरा और खेसारी पर पलटवार

​राजनीतिक चर्चाओं के बीच गुंजन सिंह ने पवन सिंह के विरोधियों को भी आड़े हाथों लिया। हाल ही में अक्षरा सिंह द्वारा पवन सिंह के नाम को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि जब वे साथ थीं, तब सब ठीक था, लेकिन अलग होते ही कड़वाहट दिखाना गलत है। साथ ही उन्होंने खेसारी लाल यादव को भी चेतावनी देते हुए कहा कि पवन भैया के बारे में बोलने से पहले उन्हें सोच-समझकर शब्दों का चयन करना चाहिए।

​बीजेपी नेतृत्व से बढ़ती नजदीकियां

​हाल ही में पवन सिंह ने दिल्ली में बीजेपी नेता नितिन नवीन से मुलाकात की थी। हालांकि पवन सिंह ने इसे महज एक शिष्टाचार भेंट और ‘आशीर्वाद’ लेना बताया था, लेकिन राजनीतिक पंडित इसे राज्यसभा की तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं। जब उनसे राज्यसभा जाने पर सवाल हुआ, तो उन्होंने सधे हुए अंदाज में कहा, जो भगवान चाहेंगे, वही होगा।

​चुनावी मेहनत का मिल सकता है इनाम

​बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान पवन सिंह ने खुद चुनाव न लड़कर बीजेपी के पक्ष में जमकर पसीना बहाया था। पार्टी के लिए उनके इस समर्पण को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा उन्हें राज्यसभा भेजकर पुरस्कृत कर सकती है।

​उपेंद्र कुशवाहा का दिल्ली दौरा बढ़ा रहा सस्पेंस

​दूसरी ओर, रालोमा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का अचानक दिल्ली तलब होना भी चर्चा का विषय है। माना जा रहा है कि वे बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के बीच कुशवाहा की यह दौड़-धूप बिहार की सियासत में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।