मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में हुए हादसे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संज्ञान लेते हुए शोक प्रकट किया था और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे. प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता करने के निर्देश दिए थे. अब पीएम ने मुआवजे का ऐलान किया है. पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है.

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में पर दुख जताते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.

इसे भी पढ़ें : CM योगी ने वृंदावन नाव हादसे का लिया संज्ञान, मृतकों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना, अब तक 10 लोगों की मौत

10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि

इस हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक, पंजाब के लुधियान से 30 लोगों का एक दल बांके बिहारी के दर्शन के लिए आए थे. इसी दौरान एक स्टीमर पांटून पुल से टकराकर पलट गया और सभी लोग नदी में डूब गए. हादसे के तुरंत बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया. जिसके बाद डूब रहे कई लोगों को बचाया गया. जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. एनडीआरएफ और आर्मी के लोगों से भी मदद के लिए पहुंच गए है.

22 लोगों को बचाया गया

वहीं मथुरा एसपी मथुरा (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि यमुना नदी में एक नाव पलटने की घटना सामने आई है. 22 लोगों को निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है. सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है. हम अभी स्थिति का जायजा ले रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितने लोगों की दुखद रूप से जान चली गई है. पीपा पुल खराब हालत में था, इसलिए एक एजेंसी पोंटूनों पर मरम्मत का काम कर रही थी. माना जा रहा है कि हादसा शायद इसी चल रहे मरम्मत के काम की वजह से हुआ है.