रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार के सिरसोदा गांव में कब्जा हटाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम पर हमला हो गया। कोर्ट के आदेश पर पहुंची टीम पर कब्जाधारियों ने पथराव कर भगाने की कोशिश की। इस दौरान एक महिला ने खुद पर घासलेट डालकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। 

एसपी विजय डाबर ने बताया कि टीम कब्जा हटाने के लिए पहुंची थी। तभी वहां मौजूद महिलाओं ने पुलिस के साथ जबरदस्ती की और खुद पर घासलेट डालकर आत्महत्या की कोशिश की। इस पर महिला को पुलिस अभिरक्षा में लेकर धामनोद के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। वर्तमान में शांति कायम है और जिन्होंने पथराव किया है उनकी पहचान कर मामला दर्ज किया जाएगा। जिस व्यक्ति का मकान पर कब्जा है, उसने दो दिन का समय मांगा है। मांग पर दो दिन का समय दिया है। अगर दिए गए समय पर घर खाली नहीं किया जाता है तो प्रशासन कार्रवाई करेगी।

इस घटना के दौरान थाना प्रभारी का पांव मुड़ गया और फैक्चर हो गया। संतोष नामक व्यक्ति ने कहा कि वे पिछले 80 सालों से यहां पर रह रहे हैं। जब से कालू सिंह ठाकुर विधायक ने जमीन खरीदी है, तब से रोज विवाद हो रहे हैं। 

ASP विजय डाबर ने बताया कि एक मकान बना हुआ था। निजी शिकायत पर न्यायालय के फैसला पर कब्जा दिलाने के लिए राजस्व विभाग के साथ में एसडीएम, एसडीओपी, पुलिस का अमला यहां पर मौजूद था। बातचीत चल ही रही थी कि इस दौरान घर की महिलाओं ने पुलिस और प्रशासन के साथ जबरदस्ती की और घासलेट डालकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस अभिरक्षा में लेकर में सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m