अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले की साइबर सेल पुलिस ने वर्ष 2026 की शुरुआत में ही सराहनीय कार्य करते हुए लोगों का दिल जीत लिया है। साइबर सेल द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक उपभोक्ताओं को लौटाए गए।

साइबर सेल ने वर्ष 2026 के प्रारंभ में जिले के बाहर जाकर करीब 63 लाख रुपये मूल्य के 421 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों को आज कम्युनिटी हाल में समाधान समारोह का आयोजित कर उपभोक्ताओं को सौंपा गया। कार्यक्रम में एसपी भावना गुप्ता और एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस अवसर पर एसपी भावना गुप्ता ने सभी मोबाइल धारकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमने 2025 में भी लगभग 93 लाख रुपये के मोबाइल रिकवर कर उपभोक्ताओं को दिए थे। आज बहुत अच्छा लग रहा है कि हमें उपभोक्ताओं का पुलिस पर विश्वास मिल रहा है।

आगे उन्होंने कहा कि मोबाइल आज एक आवश्यक दस्तावेज भी बन गया है, इसलिए आप सभी इसे संभालकर रखें। साथ ही इसमें फ्रॉड कॉल भी आते हैं, तो उनसे बचकर रहें। यदि अनजान नंबर से कॉल आए तो सावधानीपूर्वक उठाएं तथा किसी भी प्रकार की बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी साझा न करें। आपकी छोटी-सी सावधानी आपकी बड़ी सुरक्षा है।

इस अवसर पर उपभोक्ताओं ने पुलिस को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मोबाइल वापस मिल जाएगा, लेकिन पुलिस के सहयोग से आज उन्हें उनका मोबाइल मिल गया।