विजय कुमार, जमुई। जिले के टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित कुंदर बराज के पास बालू से ढके मिले सिर कटी महिला के शव की सोमवार की सुबह 9:00 बजे तक भी पहचान नहीं हो पाई। ना ही इस संबंध में कोई सुराग मिल पाया है। पहचान के लिए सुरक्षित रखे शव का आखिरकार कर 72 घंटे बाद टाउन थाना की पुलिस ने त्रिपुरारी घाट पर विधिवत रूप से दाह संस्कार कर दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतका का नहीं हो सका पहचान

हालांकि पुलिस ने मृतका की पहचान सुनिश्चित कराने के लिए काफी भाग-दौड़ की थी। इस दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर मृतका की पहचान के लिए पोस्टर लगाए थे। साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस से संपर्क साधकर हाल के दिनों में लापता हुई महिलाओं का ब्योरा खंगाला था।

दूसरे जगह हत्या की आशंका

मृतका कि शिनाख्त के लिए डिजिटल प्लेटफार्म का भी सहारा लिया गया, लेकिन कोई भी दावेदार सामने नहीं आया यानि महिला के पहचान से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी नहीं हो पाई है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि महिला दूसरी जगह की होगी और हत्या कर उसके शव को कुंदर बाराज स्थित नदी में गाड़ दिया गया था।

महिला की पहचान में जुटी पुलिस

इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की पहचान होने के बाद ही घटना के कारण और अपराधियों की भी गिरफ्तारी हो पाएगी। महिला की पहचान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पहचान के लिए 72 घंटे तक शव को सुरक्षित रखने के बाद दाह संस्कार किया गया है।

ये भी पढ़ें- घर में घुसकर युवक को चाकुओं से गोदा, बीच-बचाव करने आए बेटे पर भी जानलेवा हमला