बिलासपुर/ महासमुंद. प्रदेश में दुर्ग के बाद बलरामपुर में अफीम की खेती पर राजनीति गरम हो गई है। दुर्ग में भाजपा के मंडल अध्यक्ष द्वारा 5 एकड़ 72 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती के खुलासे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेती वाले खेत में पहुंचे थे। इस मामले में पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई भी की थी। पर अब इस मामले को कांग्रेस लगातार मुद्दा बना रही है।

भाजपा के मंडल अध्यक्ष द्वारा की जा रही अफीम की खेती पकड़े जाने पर बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा जिला मुख्यालय के दफ्तर का आज घेराव कर दिया। घेराव में बड़ी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे हैं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस के जवान और आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए दफ्तर से पहले ही बैरिकेडिंग की थी और बैरिकेडिंग कर कांग्रेसियों को रोक दिया। कांग्रेसी आगे बढ़ने के लिए पुलिस की चेन को धकेलकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे।

वहीं कांग्रेसियों को रोकने की कोशिश के दौरान पुलिस के जवानों और कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। कांग्रेसी युवाओं को नशे में ढकेलने का आरोप लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद के भी नारे लगा रहे थे। उन्होंने अफीम की खेती बंद करने की मांग की। कांग्रेसियों की भीड़ और प्रदर्शन को देखते हुए अभी भी बड़ी संख्या में पुलिस बल और अफसर भाजपा कार्यालय के बाहर और आसपास तैनात हैं।

अफीम खेती के विरोध में कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव

महासमुंद: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर दुर्ग और बलरामपुर में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को BJP के जिला कार्यालय का घेराव किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले कांग्रेस भवन से रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बरोंड़ा चौक और शास्त्री चौक पर बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ने लगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले में संचालित फार्म हाउसों की जांच की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि प्रशासन को जिले में चल रहे फार्म हाउसों की बारीकी से जांच करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जांच नहीं करता है तो जिला कांग्रेस कमेटी खुद ऐसे फार्म हाउसों की जांच करेगी।