अतीश दीपंकर, भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली करारी हार के बाद जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक बार फिर से प्रदेश की सियासत में एक्टिव नजर आ रहे हैं। इन दिनों वह लगातार जिलों के दौरे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच आज रविवार (29 मार्च) को वह भागलपुर पहुंचे, जहां नीतीश के राज्यसभा जाने को लेकर उन्होंने बड़ा बयान दिया।
PK ने बताया कौन होगा बिहार का अगला सीएम?
प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार का सीएम कौन होगा? के सवाल पर उन्होंने कहा कि, बिहार का मुख्यमंत्री वही बनेगा, जिसे नरेंद्र मोदी और अमित शाह चाहेंगे। क्योंकि सरकार उनके प्रयास से बनी है। पीके ने कहा कि, 202 विधायकों के बावजूद नीतीश कुमार को दिल्ली जाना पड़ रहा है। ये मैन्युफैक्चर्ड परिणाम है। यह नीतीश के लोकप्रियता का परिणाम नहीं है। यह 10 हजार रुपये से खरीदा परिणाम है। यह चुनाव आयोग की मदद से कराए गए चुनाव का परिणाम है। यह केंद्र सरकार की मदद से जीती हुई बाजी है, जिन लोगों ने चुनाव जीताने में मदद की है उनकी भूमिका होगी की बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
बिहार में पहली सरकार होगी ऐसी…
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, मुख्यमंत्री कोई भी बने, उसकी प्राथमिकता गुजरात होगी। उसकी प्राथमिकता बिहार नहीं होगी। उसकी प्राथमिकता यह होगी की गुजरात के फैक्ट्रियों में बिहार के नौजवान जो 10-12 हजार में काम कर रहे हैं, उन फैक्ट्रियों में ऐसे नौजवानों की कमी नहीं हो। उनकी प्राथमिकता यह नहीं होगी की गुजरात में काम कर रहे जो भी 15-20 लाख बिहार के मजदूर हैं, वो बिहार लौटे और उन्हें यहां काम मिले। पीके ने काह कि, बिहार में यह पहली ऐसी सरकार होगी, जिसकी प्राथमिकता बिहार नहीं बल्कि गुजरात होगी।
जैसा कहा वैसा हुआ- पीके
प्रशांत किशोर ने यह दावा किया कि, बिहार में ना भ्रष्टाचार कम होने जा रहा है। ना ही लोगों को रोजगार मिलने वाला है। ना ही बिहार की शिक्षा व्यवस्था सुधरने वाली है। बिहार में पलायन बंद नहीं होने वाला है। बिहार में फैक्ट्री नहीं लगने वाली है। आपलोग लिखकर रख लीजिए। जैसा की मैंने कहा था की नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और आज उन्हें जाना पड़ रहा है। यह पूरा बिहार आने वाले 4 साल में देखेगा।
नीट छात्रा केस पर दिया बड़ा बयान
वहीं, पटना नीट छात्रा मौत को लेकर सवाल किए जाने पर प्रशांत किशोर ने कहा कि, उस मामले को सरकार ने 3 दिनों में ही रफा-दफा कर दिया था। जब हम लोग छात्रा के घर गए तब सरकार की आंख खुली। सरकार ने एसआईटी का गठन किया। जब हमलोगों ने एसएसपी पर दबाव बनाया तो थाना से जुड़े पदाधिकारी को बर्खास्त किया गया। फिलहाल सीबीआई मामले की जांच कर रही है। जहां, तक छात्रा की बात है, तो सरकार ने भी यह माना है कि बच्ची के साथ कुछ तो गलत हुआ है। बच्ची के साथ इंसाफ होना चाहिए।
घटना के पीछे बड़े लोग शामिल- प्रशांत
प्रशांत किशोर ने कहा कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ रेप की बात सामने आई है। उसकी हत्या की गई है या नहीं? इसकी जानकारी हमारे पास नहीं है। लेकिन जिसकी जांच पटना पुलिस नहीं कर पाई, एसआई नहीं कर पाई। अब उस मामले का सीबीआई उलझा रही है। क्योंकि इस घटना के पीछे इतने बड़े लोग शामिल हैं कि पुलिस उसे पकड़ने से डर रहे हैं। यह छोटा मामला नहीं है। सीबीआई के जरिए इस मामले को रफा दफा करने की कोशिश की जा रही है।
पीके ने कहा कि, समय के साथ इस मामले को दबाया जा रहा है। हालांकि उन्होंने इस बात का आश्वासन दिया कि सीबीआई रिपोर्ट आने दीजिए। अगर उसमें कुछ खामियां दिखती हैं, तो जनसुराज उस मुद्दे को उठाएगी। हम छात्रा को न्याय दिलाने के लिए हम लोग पूरी ताकत के साथ उसके परिवार और समाज के साथ खड़े रहेंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

