कुंदन कुमार, पटना। बिहार में हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन विधायक ने वोटिंग नहीं किया था। जिस वजह से राजद उम्मीदवार अजय सिंह धारी को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पांचों सीट पर एनडीए के प्रत्याशियों की जीत हुई थी। वोट नहीं करने वालों में राजद के भी एक विधायक का नाम है।

पार्टी ने दिया था कारण बताओं नोटिस

वहीं, अब कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में वोट नहीं डालने वाले तीनों विधायक पर कारवाई करने का मन बना लिया है। पार्टी की ओर से इन विधायकों को पहले कारण बताओं नोटिस दिया गया था, जिसमें बाल्मीकि नगर के सुरेंद्र कुशवाहा फारबिसगंज के मनोज विश्वास और मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद सिंह थे। तीनों ने अपना जवाब पार्टी कार्यालय को भेज दिया है।

तीनों ने प्रदेश नेतृत्व को ही बताया जिम्मेदार

प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि तीनों विधायकों के जवाब में कहीं भी पश्चाताप का भाव नहीं है। बल्कि तीनों विधायकों ने अकड़ दिखाते हुए राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ी के लिए पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को ही जिम्मेदार बताया है। जवाब से तय है कि तीनों विधायक खुद भी कांग्रेस के साथ रहने को इच्छुक नहीं है। निश्चित तौर पर माना जा रहा है कि ऐसी स्थिति में कांग्रेस इन तीनों विधायकों को पार्टी से निकाल सकती है।

पार्टी के एक्शन पर टिकी निगाहें

फिलहाल बिहार में कांग्रेस के छह विधायक हैं। इनमें से राज्यसभा चुनाव में वोट नहीं करने वाले तीन विधायकों ने एक तरह से पार्टी आलाकमान से बगावत कर दिया है। ऐसे में अब देखना यह होगा कि पार्टी इन तीनों विधायकों के खिलाफ कब और क्या एक्शन लेती है? या फिर यह तीनों विधायक मिलकर एक अलग गुट का निर्माण करते हैं। यह आने वाला समय बताएगा।

ये भी पढ़ें- ‘समृद्धि यात्रा’ का समापन आज: गृह जिले नालंदा और पटना को 18 अरब से अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री