दिल्ली सरकार ने राजधानी को प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने के लिए ‘ग्रीन एक्शन प्लान (GAP) 2026-27’ शुरू किया है। इस योजना के तहत 22 सरकारी विभाग मिलकर इस साल कुल 70.05 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और बांस की हेज लगाएंगे। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार, 1 अप्रैल को इस महत्वाकांक्षी अभियान की घोषणा की। योजना की निगरानी ‘फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ विभाग’ करेगा और सभी कार्यों की प्रगति ‘जीएपी पोर्टल’ के जरिए मॉनीटर की जाएगी।

दिल्ली में पौधारोपण अभियान को नई ऊँचाई देने के लिए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित है। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार पिछले साल से भी बड़ा लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हम सिर्फ प्रदूषण नियंत्रण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दिल्ली के ग्रीन कवर को तेजी से बढ़ाना और मजबूत करना चाहते हैं।”

किस विभाग को मिला कितना लक्ष्य?

दिल्ली सरकार के ‘ग्रीन एक्शन प्लान (GAP) 2026-27’ के तहत 70,05,386 पौधों के पौधारोपण की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों में बांटी गई है:

फॉरेस्ट विभाग – 27 लाख से अधिक पौधे

डीडीए (DDA) – 10 लाख

एनडीएमसी (NDMC) – 5.05 लाख

एमसीडी (MCD) – 5 लाख

पीडब्ल्यूडी (PWD) – 3 लाख

स्कूल शिक्षा विभाग – 3.5 लाख

अन्य विभागों के लक्ष्य इस प्रकार हैं:

एनएचएआई – 60 हजार

एनटीपीसी – 70 हजार

तकनीकी शिक्षा विभाग – 41 हजार

उच्च शिक्षा विभाग – 25 हजार से अधिक

यह योजना दिल्ली की हरीतिमा और प्रदूषण नियंत्रण को मजबूत करने के लिए सर्वव विभागीय सहयोग के साथ लागू की जा रही है।

आम जनता को मुफ्त मिलेंगे 12 लाख पौधे

दिल्ली सरकार ने पौधारोपण अभियान में जनभागीदारी को भी मुख्यधारा में लाने की योजना बनाई है। इसके तहत फॉरेस्ट विभाग, डीपीजीएस (DPGS) और डीएमआरसी (DMRC) के माध्यम से राजधानी के आम नागरिकों को 12 लाख से अधिक पौधे मुफ्त में वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य सिर्फ सरकारी स्तर पर पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि नागरिकों को हरित पहल में शामिल कर दिल्ली को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है।

मल्टी-लेयर प्लांटेशन और पौधों की देखभाल पर जोर

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अभियान की रणनीति के बारे में बताया कि सरकार की योजना ‘मल्टी-लेयर प्लांटेशन’ की है। इसमें केवल बड़े पेड़ ही नहीं, बल्कि झाड़ियां और ग्राउंड कवर भी शामिल होंगे, जिससे पर्यावरण संतुलन और हरित आवरण दोनों मजबूत होंगे। मंत्री ने कहा कि सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे GAP पोर्टल पर अपनी प्रगति नियमित रूप से अपडेट करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा “हमारा लक्ष्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं है, बल्कि उनकी उचित देखभाल कर उन्हें जीवित रखना है, ताकि हर पौधा बड़ा होकर दिल्ली की हरियाली बढ़ाए।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m