लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ आज बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की महिला सशक्तीकरण, बाल विकास और रोजगार सृजन को नई गति देने वाली कई बड़ी पहल का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सीएम 633 आंगनबाड़ी केंद्र का शिलान्यास और 2468 आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण करेंगे। साथ ही प्रदेश में कुल 69,794 कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित करने की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे।

सेवा और संवेदना दोनों सशक्त होंगी

सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अंत्योदय से सर्वोदय की संकल्पना को साकार करते हुए ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ में नौनिहालों के पोषण, मातृशक्ति के सशक्तीकरण और युवाओं के सपनों को नई उड़ान प्राप्त हो रही है। पोषण, परिश्रम और परिवर्तन की प्रखर प्रतीक हमारी आंगनवाड़ी बहनों को आज तकनीक, संसाधन और सम्मान का संयोजन प्राप्त होगा, जिससे सेवा और संवेदना दोनों सशक्त होंगी।

READ MORE: यूपी में मौसम का यूटर्न, 40 से ज्यादा जिलों में बरस सकते है बादल, जानें अपने शहर का हाल

सम्मान और संभावनाओं का सशक्त सहारा

सीएम योगी ने आगे लिखा कि छात्रवृत्ति और पारिवारिक लाभ सहायता के माध्यम से विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को संबल, सम्मान और संभावनाओं का सशक्त सहारा दिया जाएगा। सशक्त आंगनवाड़ी, पोषित बचपन, सुरक्षित नारी, समर्थ युवा और गरीब कल्याण, यही डबल इंजन सरकार का दृढ़ संकल्प है।