अमृतसर। अजनाला क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कर्मचारी परमजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गांव गग्गोमाहल के पास उस समय हुई, जब परमजीत सिंह मोटरसाइकिल से अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकल रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि परमजीत सिंह सड़क पर गिर गए और टिप्पर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने कमेटी और परिवार में शोक की लहर दौड़ा दी है।

मृतक के मामा जसवीर सिंह ने बताया कि परमजीत सिंह अपने पीछे दो नन्हीं बेटियों सुखमन (2 वर्ष) और किरत (4 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार इस अचानक हुई घटना से सदमे में है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में टिप्पर चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। साथ ही, हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस प्रशासन ने भी इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि की है और आरोपी चालक को जल्द पकड़ने का भरोसा दिया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H