चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य की महिलाओं के लिए अपनी सबसे बड़ी चुनावी गारंटी को पूरा करने का ऐतिहासिक ऐलान किया है। रविवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को हर महीने वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
किसे कितनी मिलेगी राशि?
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत पंजाब की सभी पात्र महिलाओं को ₹1,000 प्रति माह दिए जाएंगे। हालांकि, अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से संबंधित महिलाओं के लिए यह राशि ₹1,500 प्रति माह निर्धारित की गई है। यह पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों (DBT) में ट्रांसफर किया जाएगा। बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान ‘आप’ ने प्रत्येक महिला को ₹1,000 देने का वादा किया था।
योजना की पात्रता और शर्तें
हरपाल चीमा ने दावा किया कि यह दुनिया की पहली ऐसी ‘यूनिवर्सल कैश ट्रांसफर स्कीम’ होगी, जिसमें राज्य की लगभग 97 प्रतिशत वयस्क महिलाएं शामिल होंगी। इसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला इसके लिए पात्र होगी। जो महिलाएं पहले से वृद्धावस्था, विधवा या दिव्यांग पेंशन ले रही हैं, वे भी इस नई योजना का लाभ ले सकेंगी। वर्तमान या पूर्व सरकारी कर्मचारी, वर्तमान और पूर्व विधायक/सांसद और आयकर (Income Tax) भरने वाली महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

विपक्ष पर साधा निशाना
वित्त मंत्री ने पड़ोसी राज्यों और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई राज्यों ने ऐसी योजनाओं के नाम पर केवल ‘जुमलेबाजी’ की है और सिर्फ 20 फीसदी महिलाओं को कवर किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “अब कॉलेज जाने वाली बेटियों को किताबों के लिए और दादियों को अपनी पोतियों के लिए खिलौने खरीदने के लिए किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका बड़ा भाई भगवंत मान उनके खाते में पैसे डालेगा।”
बजट में ₹9,300 करोड़ का आवंटन
सरकार ने इस योजना को पारदर्शी और समय पर लागू करने के लिए बजट में ₹9,300 करोड़ का भारी-भरकम प्रावधान किया है। गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा लगातार सरकार को इस चुनावी वादे पर घेर रहे थे। पंजाब के संसदीय इतिहास में यह पहली बार है कि बजट रविवार के दिन पेश किया गया है।
- Bilaspur News Update : रेलवेकर्मी के बेटे से लाखों की ठगी… SECR से चलने वाली ट्रेनें रद्द… गणेश विसर्जन पर बदलेगा ट्रैफिक रूट
- जामताड़ा में मवेशी लदा बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटा, 2 लोगों की मौत, 3 बैलों ने भी तोड़ा दम
- LNIPE छात्र आंदोलन समाप्त: छात्रा मौत मामले में प्रभारी रजिस्ट्रार का देर रात इस्तीफा, वार्डन पर भी कार्रवाई
- दरभंगा स्नातक सीट: शिक्षाविद डॉ. धर्माश रंजन ने किया निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान, करेंगे नामांकन
- एक दिन में तीन खुशखबरीः Fitch Ratings, S&P Global और ADB ने Indian Economy पर कही बड़ी बात, बोला- इंडियन इकोनॉमी में दम है


