चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत अचानक खराब होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, उन्हें एहतियातन एयरलिफ्ट कर मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री संगरूर में कार्यक्रमों में व्यस्त थे। इस दौरान वे आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता के साथ मौजूद थे। कार्यक्रम के बीच ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मोहाली एयरलिफ्ट किया गया।

अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल परीक्षण शुरू कर दिया। फिलहाल अस्पताल प्रशासन या डॉक्टरों की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इससे पहले महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने संगरूर जिले के धूरी स्थित प्राचीन श्री रणकेश्वर मंदिर रणीके में अरविंद केजरीवाल के साथ माथा टेका था और शिवलिंग का अभिषेक किया था।

मुख्यमंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H