चंडीगढ़। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आज अपने कार्यकाल के चार साल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं. इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया. सीएम मान ने शानदार 4 साल भगवंत मान के साथ शीर्षक वाली 35-40 पन्नों की एक विस्तृत पुस्तिका विमोचित की, जिसमें तस्वीरों के साथ सरकार के कार्यों का विवरण दिया गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति के इतिहास में यह एक बड़ा बदलाव है. आमतौर पर सरकारें पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी अपने वादे पूरे नहीं कर पातीं, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र की लगभग सभी गारंटियां चार साल के भीतर ही पूरी कर दी हैं. उन्होंने दावा किया कि पंजाब अब तेजी से तरक्की की राह पर अग्रसर है.

भावुक होते हुए सीएम मान ने 16 मार्च 2022 की तारीख को याद किया, जब उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उन्होंने कहा, वह शपथ सिर्फ मेरी नहीं थी, बल्कि पंजाब और पंजाबियत को प्यार करने वाले हर नागरिक का एक संकल्प था, जिसे हम आज धरातल पर उतार रहे हैं.

रिपोर्ट कार्ड की मुख्य उपलब्धियों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली के मुद्दे पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि हर घर को प्रति माह 300 यूनिट (दो महीने में 600 यूनिट) मुफ्त बिजली देने की गारंटी पूरी की गई. सीएम मान ने बताया कि इस योजना के चलते वर्तमान में पंजाब के 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना को लागू करने के लिए किसी भी तरह की जटिल शर्त नहीं रखी गई, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है.