Punjab News : जालंधर. पंजाब के जालंधर जिले में एक खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है. पिछले 5 महीनों से लापता एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को घर के भीतर ही दफन कर दिया गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान गांव गांधरा निवासी गुरदेव सिंह के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी गुरदेव सिंह ने जो खुलासे किए, उसने सभी को हैरान कर दिया. आरोपी ने बताया कि उसने 13 नवंबर, 2025 को ही अमरजीत सिंह (अजमेर सिंह) की हत्या कर दी थी.

साक्ष्य मिटाने और शव को ठिकाने लगाने के इरादे से उसने अपने घर के बाथरूम के पास करीब 5 से 6 फीट गहरा गड्ढा खोदा और शव को बोरे में डालकर वहां दबा दिया. घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भतीजे अमनप्रीत सिंह ने 1 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि उसके चाचा अजमेर सिंह (45 वर्ष), निवासी अकलपुर मलसियां, नवंबर 2025 से घर नहीं लौटे हैं.

गुरदेव सिंह लोहे का बिजनेस करता था. इसके साथ ही ठेके पर खेत लेकर खेती करता था. अमरजीत सिंह पिछले करीब 20 साल से गुरदेव सिंह के साथ काम कर रहा था. उन दोनों के बीच लंबे समय से कोई संपर्क भी नहीं हुआ है. इसी आधार पर पुलिस ने 1 अप्रैल, 2026 को थाना सदर नकोदर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

सख्ती से पूछताछ करने पर गुरदेव सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर कल, यानी 2 अप्रैल को पुलिस टीम गांव गांधरा स्थित उसके घर पहुंची. अमरजीत सिंह के साथ पैसों का लेनदेन था. अमरजीत उसके पैसे लौटा नहीं रहा था. उस रात दोनों ने शराब पार्टी की, इस दौरान पैसों की बातचीत में गुरदेव तैश में आ गाया और अमरजीत को मौत के घाट उतार दिया. उसने अपने घर में 6 फीट गढ्ढा खोदकर शव गाड़ दिया.

जमीन खोदकर निकाला शव

पुलिस ने गांव गांधरा स्थित आरोपी के घर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट पवनदीप सिंह की मौजूदगी में खोदाई करवाकर शव बरामद कर लिया. इस मौके पर गांव गांधरा और मलसियां पट्टी अकालपुर की पंचायतों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डाक्टरों के बोर्ड को भेजा जाएगा और मृतक के डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे, ताकि पहचान और अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सके. उन्होंने कहा कि आरोपित को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है.