जालंधर। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उचित, पारदर्शी और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जालंधर प्रशासन ने कमर कस ली है. डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के सख्त निर्देशों पर जिले भर की गैस एजेंसियों की औचक जांच की जा रही है, ताकि आम जनता को सिलेंडरों की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो.

कंट्रोलर जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नरेंदर सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीमों ने जालंधर शहर के अलावा महितपुर, फिल्लौर, नकोदर और गोराया में विभिन्न गैस एजेंसियों और उनके गोदामों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान टीम ने सिलेंडरों के वजन, बुकिंग प्रक्रिया और स्टॉक रजिस्टरों की बारीकी से जांच की. एजेंसियों को हिदायत दी गई है कि वे पूरी सप्लाई चेन को नियमों के अनुरूप रखें, क्योंकि प्रशासन की इन पर पैनी नजर है.
विशेष कमेटी का गठन, कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि गैस वितरण की निगरानी के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है. यह कमेटी न केवल आपूर्ति पर नजर रखेगी, बल्कि कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी को रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाएगी. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई एजेंसी नियमों का उल्लंघन करती पाई गई, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अफवाहों पर न दें ध्यान: प्रशासन
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की घबराहट में आकर अनावश्यक खरीदारी (Panic Buying) न करें. डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों से सतर्क रहें. उन्होंने चेतावनी दी कि सिलेंडरों की किल्लत के नाम पर झूठी अफवाहें फैलाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

