Punjab News : अमृतसर. भारत-पाकिस्तान सीमा पर लगातार ड्रोन मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है. पाकिस्तान ड्रोन के जरिए भारत में एक बार फिर ड्रग्स और हथियार भेजने की कोशिश की गई. इसी बीच रावी दरिया के पार भरियाल इलाके में सर्च अभियान के दौरान बीएसएफ ने एक ड्रोन और उससे बंधा हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है.

जानकारी के मुताबिक, यह रिकवरी सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन के दौरान सीमा सुरक्षा बल की चौकी भरियाल के पास एक खेत से की है. बरामद सामान को संबंधित पुलिस स्टेशन की पुलिस को सौंप दिया गया है. फिलहाल, पुलिस जिला गुरदासपुर और बीएसएफ की तरफ से आस-पास के इलाकों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. बरामद हेरोइन का वजन कितना है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है.

बता दें कि इसके पहले भी कई बार बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन मूवमेंट देखा है और फायर करके ड्रोन को क्षतिग्रस्त कर दिया है. ड्रोन जब चेक किया गया, तो वह पाकिस्तान का ही नजर आया. साथ ही आसपास में वहां से भेजी जाने वाली नशीले पदार्थ भी देखने को मिले. इसके अलावा ऐसे नशा तस्करों को भी धरपकड़ा गया है, जो पाकिस्तान से नशीले पदार्थों का व्यापार देश में बढ़ा रहे हैं.