डेरा बाबा नानक। पंजाब के गुरदासपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सरपंच के भाई पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना डेरा बाबा नानक के गांव शाहपुर की है, जहां गांव पडा के सरपंच नवदीप सिंह के छोटे भाई सुखराज सिंह उर्फ ‘काका पडा’ पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की.

यह भी पढ़ें : Chaitra Navratri 2026 : महाष्टमी और नवमी आज, इस समय शुरू होगी नवमी तिथि…

पीड़ित सुखराज सिंह के मुताबिक, वह किसी निजी काम से गांव पडा से शाहपुर गए थे. वहां पहले से ही दो बाइकों पर सवार होकर आए 4 नकाबपोश युवक उनका इंतजार कर रहे थे. जैसे ही सुखराज वहां पहुंचे, हमलावरों ने उन पर पीछे से हमला कर दिया. वारदात के दौरान करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें से दो गोलियां सुखराज की बांह और पीठ पर लगी हैं.

गोलीबारी के तुरंत बाद घायल सुखराज को फतेहगढ़ चूड़ियां के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया है.

गैंगस्टर जोरा ने पोस्ट डाल कर ली जिम्मेदारी

इस सनसनीखेज वारदात के कुछ समय बाद ही गैंगस्टर जोरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि सुखराज उनके भाइयों का नुकसान करना चाहता था, इसलिए उसे निशाना बनाया गया. हालांकि, पुलिस अभी इस पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m