पूर्णिया। जिले के जानकीनगर से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 21 वर्षीय युवती ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए न केवल अपनी अस्मत बचाई, बल्कि आरोपी को कमरे में कैद कर पुलिस के हवाले भी कर दिया।

​आधी रात को घर में घुसा दरिंदा

​घटना 20 फरवरी की रात की है। पीड़िता अपने घर में अकेली सो रही थी, तभी गांव का ही एक युवक, जिसकी पहचान 20 वर्षीय कैलाश राय के रूप में हुई है, चुपके से घर में घुस गया। आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसका गला दबाया और शोर न मचा सके, इसलिए उसके मुंह में फेविकोल डाल दिया।

​सूझबूझ से खुद को बचाया

​इतनी क्रूरता और जानलेवा हमले के बावजूद युवती डरी नहीं। उसने पूरी हिम्मत जुटाकर खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और चालाकी से उसे कमरे के भीतर बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। युवती का कहना है कि अगर वह हिम्मत न दिखाती, तो उसके साथ अनहोनी हो सकती थी।

​पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

​जानकीनगर थानाध्यक्ष प्रलिक्षित पावन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है और उसके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी कैलाश राय को जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए मामले की स्पीडी ट्रायल और सख्त सजा दिलाने की बात कही है।