कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल का सत्र जारी है। इस बीच सदन से लेकर सड़क तक पटना में नीट छात्रा के साथ हुए रेप और हत्याकांड का मुद्दा छाया हुआ है। विपक्षी दलों के नेता लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए बिहार सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच जारी सत्र के दौरान सदन से बाहर निकली राजद नेत्री और राज्य की पूर्व सीएम राबड़ी देव ने पटना नीट छात्रा मौत मामले में पर बड़ा बयान दिया।

नीट छात्रा मौत मामले पर राबड़ी देवी का बयान

राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, बिहार सरकार नीट छात्रा मौत मामले में लीपा-पोती कर रही है। लीपा-पोती करने के बाद इस मामले को सीबीआई को दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, इसमें कहीं ना कहीं मंत्री या उनके आदमी का हाथ है। इसीलिए ऐसा किया गया है।

राबड़ी देवी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि सीबीआई किसकी है? सब उन्हीं (सरकार) का है, वो क्या जांच करेंगे? वही बजट को लेकर उन्होंने कहा कि, बजट में कुछ भी नहीं है। इस दौरान उनके साथ कई महिला विधायक भी मौजूद रहीं।

सरकार ने सीबीआई को सौंपी है जांच

बता दें की पटना में शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने बेटी के साथ गलत काम होने के बाद हत्या का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस इस मामले को शुरू में सिर्फ मौत का मामला मान रही थी। परिजनों द्वारा लगातार प्रदर्शन करने और राजनीतिक दबाव बढ़ने पर मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया।

बाद में जांच के दौरान एफएसएल रिपोर्ट में छात्रा के साथ दुष्कर्म होने की खबर सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने जांच के दायरे और आगे बढ़ाया। मामले में हॉस्टल संचालक समेत कई संदिग्धों के डीएनए सैंपल लिए गए। इस दौरान भी जांच का कोई नतीजा नहीं निकला। बिहार सरकार ने अब मामले की जांच सीबीआई को सौंप दिया है।

ये भी पढ़ें- ‘पहले घर की लड़ाई सुलझाएं, फिर घेरे सदन’, बजट सत्र के बीच BJP विधायक का तेजस्वी पर बड़ा बयान