चंडीगढ़/अमृतसर। पंजाब में राधा स्वामी सत्संग ब्यास को लेकर इन दिनों चर्चाओं का दौर जारी है। हाल ही में डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिनमें वे गुलाब चंद कटारिया और बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ नजर आए। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बाबा की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर सवाल उठाए जाने लगे। साथ ही शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए राधा स्वामी सत्संग ब्यास प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया है। संस्था की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में किसी भी VVIP या राजनीतिक शख्सियत के साथ बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की तस्वीरें सार्वजनिक रूप से नहीं खिंचवाई जाएंगी।
सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय संस्था की निष्पक्ष और आध्यात्मिक छवि को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रबंधन का मानना है कि इस कदम से किसी भी प्रकार के अनावश्यक विवाद या राजनीतिक अटकलों से बचा जा सकेगा और संस्था अपनी मूल आध्यात्मिक गतिविधियों पर केंद्रित रह सकेगी।
फिलहाल इस फैसले के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा जारी है, जबकि डेरा प्रबंधन ने इसे पूरी तरह आंतरिक और छवि-संबंधी निर्णय बताया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


