रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. शहर के मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता (BDDS) ने पूरे परिसर को चारों ओर से घेर लिया. इस औचक कार्रवाई से वहां मौजूद आवेदक और कर्मचारी सकते में आ गए और पूरे केंद्र में हड़कंप का माहौल बन गया.

जानकारी के मुताबिक तमिलनाडु के कुछ संदिग्ध संगठनों द्वारा एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें विशेष रूप से सुलतानपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इस गंभीर सूचना को गंभीरता से लेते हुए, लखनऊ स्थित मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से देशभर के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों को अलर्ट जारी कर दिया. मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सभी केंद्र प्रभारियों तक पहुंचाए गए. इन निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि वे तत्काल स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें. साथ ही, एहतियात के तौर पर सभी केंद्रों को खाली कराकर सघन जांच सुनिश्चित की जाए.

इसे भी पढ़ें : टूट गया अजय का रसूख..! HPCL प्लांट में दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप और ताऊ राकेश की दुकानों पर गरजा बुलडोजर

इसी क्रम में रायबरेली पासपोर्ट सेवा केंद्र पर भी यह कार्रवाई की गई, जहां पुलिस और BDDS की टीमों ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।हालांकि, जांच के दौरान केंद्र परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही परिसर को सुरक्षित घोषित किया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए पासपोर्ट आवेदन और अन्य संबंधित कार्य बाधित रहे, जिससे आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।