कुंदन कुमार, पटना। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस बार बिहार की प्रतिभा ने फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। मुजफ्फरपुर के सरैयागंज इलाके के रहने वाले राघव झुनझुनवाला ने ऑल इंडिया रैंक 4 (AIR-4) हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। वहीं, रणवीर सेना के सुप्रीमो रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह ने यूपीएससी में 301वां रैंक लाकर सफलता हासिल की है।
रिजल्ट घोषित होते ही राघव के पैतृक घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदार, दोस्त और स्थानीय लोग उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर खुशी जता रहे हैं। पूरे शहर में उनकी सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है।
SRCC से हासिल की स्नातक की डिग्री
राघव झुनझुनवाला बचपन से ही पढ़ाई में तेज रहे हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) से हुई। स्कूल के समय से ही वे पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में रुचि रखते थे। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली का रुख किया और देश के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से स्नातक की डिग्री हासिल की। कॉमर्स बैकग्राउंड होने के बावजूद उन्होंने यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में टॉप-4 में जगह बनाकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
परिवार का मिला पूरा सहयोग
राघव की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान माना जा रहा है। उनके पिता विदेश में नौकरी करते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा राघव को सही मार्गदर्शन और प्रेरणा दी। परिवार के समर्थन और लगातार मेहनत के दम पर राघव ने यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी सफलता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन ने भी बधाई दी है। सभी ने कहा कि राघव ने बिहार की प्रशासनिक परंपरा को नई पहचान दिलाई है और युवाओं के लिए प्रेरणा बने हैं।
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
अपनी सफलता पर राघव ने कहा कि यूपीएससी जैसी परीक्षा के लिए धैर्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो छोटे शहरों से निकलकर भी देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।
IAS बनकर करेंगे देश सेवा
राघव अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल होकर देश और समाज के लिए काम करना चाहते हैं। उनकी इस उपलब्धि ने मुजफ्फरपुर के हजारों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की नई प्रेरणा दी है।
ये भी पढ़ें- भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर आकाशदीप का रोहतास में भव्य स्वागत, T-20 WC के फाइनल मुकाबले में भारत की जीत का किया दावा
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

