वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले के रहुई प्रखंड में खेल के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने की तैयारी पूरी हो चुकी है। ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 18 फरवरी से 28 फरवरी तक पहली बार ‘रहुई प्रखंड क्रिकेट लीग’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रखंड कार्यालय स्थित खेल मैदान में होने वाले इस आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

​प्रेस वार्ता में दी गई विस्तृत जानकारी

​इस ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा साझा करने के लिए इतासंग गांव में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। मीडिया को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य व्यवस्थापक अविनाश प्रसाद ने बताया कि यह आयोजन रहुई के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य केवल खेल का आयोजन करना नहीं, बल्कि गांव की गलियों में छिपी उन प्रतिभाओं को सामने लाना है जो जिला और राज्य स्तर पर प्रखंड का नाम रोशन कर सकें।

लीग का स्वरूप और नियम

​इस क्रिकेट महाकुंभ में रहुई की 15 पंचायतों और 1 नगर पंचायत की टीमें अपना दम-खम दिखाएंगी। आयोजन को लेकर कड़े नियम भी बनाए गए हैं:
​नॉकआउट फॉर्मेट: सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे, यानी हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
​ओवर की सीमा: प्रत्येक मैच 16 ओवर का होगा। गेंदबाजी में मुख्य गेंदबाज अधिकतम 4 ओवर और अन्य 3-3 ओवर डाल सकेंगे।
​अनुशासन: अनुशासन को लेकर आयोजक काफी सख्त हैं। एलबीडब्ल्यू (LBW) को छोड़कर क्रिकेट के अन्य सभी नियम लागू रहेंगे और अंपायर का निर्णय अंतिम होगा।
​टीम संरचना: प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी होंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी खिलाड़ियों का आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है।

​सम्मान और मुख्य अतिथि

​लीग की एंट्री फीस 2100 रुपये निर्धारित की गई है। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए हर मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ की ट्रॉफी दी जाएगी। आयोजकों ने बताया कि समापन समारोह और फाइनल मुकाबले को भव्य बनाने के लिए खेल मंत्री को आमंत्रित करने की योजना है।
​प्रेस वार्ता के दौरान उप प्रमुख राकेश रंजन, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पैक्स अध्यक्ष और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।