शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन शुरू होने से ठीक पहले बीजेपी विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस में भारी मात्रा में गेहूं मिलने का मामला सामने आया है। विधायक के भगवती वेयरहाउस में करीब 500 टन गेहूं रखा होने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की एक जांच टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के वेयरहाउस में बड़े पैमाने पर गेहूं भरा हुआ है। यह किसानों के साथ एक बड़ा षड्यंत्र है। जयवर्धन सिंह ने आगे कहा कि खेतों में गेहूं कटा पड़ा है, लेकिन सरकार उपार्जन की तारीख आगे बढ़ा रही है। इससे छोटे किसान परेशान हैं। उन्हें तुरंत फसल बेचनी होती है, इसलिए वे मजबूरन समर्थन मूल्य (MSP) से काफी नीचे दाम पर गेहूं बेचने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस बार विष्णु खत्री का वेयरहाउस सरकारी खरीदी केंद्र भी घोषित किया गया है, जो और ज्यादा संदेहास्पद है।

READ MORE: ‘मैं अभी भी कांग्रेस में हूं’, विधायक निर्मला सप्रे के बयान को हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड में लिया, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सबूत पेश करने के दिए निर्देश  

विष्णु खत्री मध्य प्रदेश विधानसभा में बीजेपी विधायक हैं। उनके वेयरहाउस में इतनी बड़ी मात्रा में गेहूं पाए जाने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि यह किसानों का शोषण करने की साजिश है। फिलहाल इस मामले में बीजेपी या विधायक विष्णु खत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m