रायगढ़। जिले के थाना जूटमिल क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के कारण पंजाब नेशनल बैंक में होने वाली बड़ी लूट की वारदात समय रहते नाकाम हो गई। रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस ने लुटेरों के मंसूबों को विफल कर दिया। हालांकि, आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बीती रात जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी और बैंक-एटीएम की जांच कर रही थी। पेट्रोलिंग में लगे आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक को पटेल पाली स्थित बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन दिखाई दिया। बैंक परिसर की लाइट बंद होने पर उन्हें शक हुआ। जैसे ही दोनों आरक्षक बैंक की ओर बढ़े, वाहन चालक कार स्टार्ट कर फरार होने लगा और एक व्यक्ति बैंक से भागते हुए गाड़ी में बैठकर शहर की ओर चला गया। स्थिति की गंभीरता देखते हुए आरक्षकों ने तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, प्रधान आरक्षक और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की कार्रवाई शुरू की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उप निरीक्षक संजय नाग और आरक्षक जगमोहन ओग्रे समेत अन्य थानों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर घुसे थे। उन्होंने बैंक के दो डीवीआर और बाहरी सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा बैंक के चेस्ट और लॉकर के पास लगी दीवार को तोड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टल गई। उन्होंने थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की सराहना की और उनकी मेहनत को सम्मानित करने के लिए नगद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H